

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट


नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पर्यटक बनकर आए तीन युवकों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार, गर्मी के मौसम में इन दिनों नैनीताल और आसपास के हिल स्टेशनों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मैदानी इलाकों की उमस से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इसी बीच भीमताल से भवाली मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दूध की डेयरी में चोरी की घटना हुई।


बताया जा रहा है कि डेयरी के बाहर दूध से भरी और खाली क्रेट रखी हुई थीं। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवक वहां पहुंचे और काफी देर तक आसपास रैकी करते रहे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीनों युवक पहले दुकान के आसपास स्थिति को देखते हैं और मौके की तलाश करते हैं।


कुछ ही देर बाद उनमें से एक युवक ने मौका देखकर क्रेटों के बीच रखे करीब 10 किलो पनीर का बैग उठा लिया। इसके बाद वह तेजी से वहां से फरार हो गया, जबकि उसके दोनों साथी आसपास ही मौजूद रहे और निगरानी करते दिखाई दिए।

घटना इतनी तेजी से हुई कि डेयरी संचालक को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में जब सामान की जांच की गई तो पनीर का बैग गायब मिला, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

फुटेज देखने पर पूरी चोरी की वारदात सामने आ गई, जिसमें तीनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई और वीडियो भी सौंपा गया।


व्यापारियों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन में इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों युवकों की पहचान करने में जुटी है और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की जा रही है।

