

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


देहरादून में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा खेल महोत्सव शुरू होने जा रहा है। देश का प्रतिष्ठित देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट 22 मई से 7 जून तक आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में देशभर की दिग्गज टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि भारतीय आईपीएल खिलाड़ियों के साथ नेपाल के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।


देवभूमि गोल्ड कप में कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार अलग-अलग ग्रुपों में विभाजित किया गया है। सभी टीमें खिताब जीतने के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।


देवभूमि गोल्ड कप एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ गोल्ड कप ट्रॉफी की प्रतिकृति प्रदान की जाएगी।


उन्होंने बताया कि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएगी। टूर्नामेंट को भव्य और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए खिलाड़ियों के लिए कई आकर्षक पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
पीसी वर्मा ने कहा कि प्रत्येक मैच के “मैन ऑफ द मैच” खिलाड़ी को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को “मैन ऑफ द सीरीज” के रूप में 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस टूर्नामेंट से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।


टूर्नामेंट में भारतीय आईपीएल खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है। नेपाल के खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय रंग भी मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट की सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। खेल प्रेमियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं और सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

