

स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट


सौरभ बहुगुणा रविवार शाम जसपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल द्वारा बनवाए गए बास्केटबॉल कोर्ट का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


बास्केटबॉल कोर्ट के उद्घाटन अवसर पर आयोजित मैच में कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्वयं भी बास्केट में बॉल डालकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।


मीडिया से बातचीत के दौरान सौरभ बहुगुणा ने बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण के लिए डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है।


उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है।
जसपुर में स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण के सवाल पर सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री इस विषय का संज्ञान ले रहे हैं और जल्द ही जसपुर को स्टेडियम की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों और खेलों के प्रति सकारात्मक सोच रखती है, जिसका परिणाम खिलाड़ियों को आरक्षण दिए जाने के रूप में भी सामने आया है।


केदारनाथ यात्रा के दौरान खच्चरों की मौत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में 250 खच्चरों की मौत के बाद पशुपालन विभाग द्वारा विशेष एसओपी तैयार की गई थी। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया और वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर केवल 25 रह गई।


उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी बीमार, कमजोर या चोटिल घोड़ा-खच्चर यात्रा में नहीं लगाया जाएगा। अभी तक यात्रा के दौरान किसी प्रकार की गंभीर स्थिति सामने नहीं आई है और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं।
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर सौरभ बहुगुणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच बैठाई, जिसके चलते मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई। वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर देश और दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द हालात सामान्य होंगे।

