

लोकेशन, बाज़पुर
रिपोर्टर, विशेष शर्मा


उधम सिंह नगर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों और उच्च अधिकारियों की निगरानी में की गई।


बाजपुर कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मलकीत सिंह, सुरमुख सिंह और सरजीत सिंह को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी गजरौला बन्नाखेड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के तहत कार्रवाई की गई। तीनों के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएसएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत जिलेभर में असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में बाजपुर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय परगना मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में अपर उप निरीक्षक भरत भंडारी, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह और कांस्टेबल अमित देवरानी शामिल रहे। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।



