JEE (Advanced) 2026 परीक्षा को लेकर हल्द्वानी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश

JEE (Advanced) 2026 परीक्षा को लेकर हल्द्वानी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश

ब्यरो रिपोर्ट

रविवार को आयोजित होने वाली JEE (Advanced) 2026 प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। परीक्षा को लेकर पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

Manoj Kumar Katyal ने संबंधित थाना प्रभारियों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग लेते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए।

ब्रीफिंग के दौरान अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, यातायात प्रबंधन, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी तथा परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और सूचना इकाइयों को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और खुफिया इकाइयों को सतर्क रहने को कहा गया है।

थाना प्रभारियों को हल्द्वानी के प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें आईओएन डिजिटल ज़ोन आईडीजेड तीनपानी, बीडीएम एजुकेशनल सर्विस ग्राम गौजाजाली, क्वींस पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस तथा आईओएन डिजिटल ज़ोन हल्दूचौड़ परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ब्रीफिंग में साइबर सेल, अभि सूचना इकाई और एसओजी नैनीताल की टीमों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

इस अवसर पर Amit Kumar Saini, Brijmohan Rana समेत साइबर सेल, एसओजी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।