हरिद्वार में मां गंगा को समर्पित हुईं प्रतीक यादव की अस्थियां, भावुक माहौल में हुई अंतिम धार्मिक रस्में

हरिद्वार में मां गंगा को समर्पित हुईं प्रतीक यादव की अस्थियां, भावुक माहौल में हुई अंतिम धार्मिक रस्में

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्ट :- धर्मराज

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार के वीआईपी गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में प्रवाहित की गईं। अस्थि विसर्जन के दौरान घाट पर भावुक माहौल देखने को मिला।

अस्थि विसर्जन के लिए परिवार सुबह हरिद्वार पहुंचा, जहां तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में सनातन परंपराओं के अनुसार अंतिम धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। पूरे विधि-विधान के साथ गंगा पूजन और मंत्रोच्चार के बाद अस्थियां मां गंगा को समर्पित की गईं।

इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा, शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव, अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन सहित परिवार के कई करीबी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी करती नजर आईं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। हालांकि इस दौरान अपर्णा यादव ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी प्रकार की बातचीत से इनकार कर दिया।

अस्थि विसर्जन के दौरान योग गुरु Baba Ramdev भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव का असमय निधन बेहद दुखद है और यह पूरे परिवार के लिए बड़ी क्षति है। बाबा रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव गौसेवा और सनातन धर्म के कार्यों से गहराई से जुड़े हुए थे।

बाबा रामदेव ने आगे कहा कि प्रतीक यादव शारीरिक रूप से बेहद फिट रहते थे और गौशाला का संचालन भी करते थे। ऐसे में उनका अचानक चले जाना सभी को पीड़ा देने वाला है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

वहीं तीर्थ पुरोहित Shailesh Mohan ने बताया कि सनातन परंपराओं के अनुसार आत्मा की शांति के लिए विशेष मंत्रोच्चार के साथ अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। उन्होंने कहा कि धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सभी अनुष्ठान विधिपूर्वक संपन्न किए गए।

इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि पूरा परिवार हरिद्वार पहुंचा और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है और यह दुख लंबे समय तक परिवार के साथ रहेगा।