गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री धामी बोले- चम्पावत बनेगा देश का आदर्श जिला

गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री धामी बोले- चम्पावत बनेगा देश का आदर्श जिला

स्थान : चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार रात अपनी विधानसभा चम्पावत में आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ के समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चम्पावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत जनपद के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

04 मई से शुरू हुआ 13 दिवसीय सांस्कृतिक और धार्मिक महोत्सव रविवार को हर्षोल्लास और जनउत्साह के साथ संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री धामी ने नगरपालिका परिषद चम्पावत, जिला प्रशासन और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने न्याय के देवता के रूप में पूजनीय श्री गोल्ज्यू महाराज की भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि चम्पावत की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण बनता है।

महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों ने स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। पहाड़ी दालों, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए जनजागरूकता और स्वरोजगार आधारित स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में माँ वाराही धाम देवीधुरा, बालेश्वर मंदिर और पाताल रुद्रेश्वर सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही चम्पावत में ‘गोल्ज्यू कॉरिडोर’ और टनकपुर में ‘शारदा कॉरिडोर’ का निर्माण भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, पेयजल योजनाएं और मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं विकास की नई इबारत लिख रही हैं। इन परियोजनाओं से रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में आयोजित ‘स्टार नाइट’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक Inder Arya, गायिका Maya Upadhyay और युवा गायक Neeraj Chufal ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से समूचे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में दर्शक झूमते नजर आए और इसी के साथ गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ।