शिवपुरी नमामि गंगे घाट पर युवक गंगा में डूबा, SDRF चला रही सर्च अभियान

शिवपुरी नमामि गंगे घाट पर युवक गंगा में डूबा, SDRF चला रही सर्च अभियान

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर रविवार को राजस्थान से आए एक युवक के गंगा नदी में डूबने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब युवक अपने दोस्तों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।

डूबने वाले युवक की पहचान वेद प्रकाश पुत्र गिरिराज, उम्र 24 वर्ष, निवासी चचियावास, अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वेद प्रकाश अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश आया हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान अचानक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते तेज बहाव में युवक संतुलन खो बैठा और नदी की धारा में बहने लगा।

युवक के दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंगा का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण वे उसे पकड़ नहीं सके। कुछ ही देर में युवक पानी में ओझल हो गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। राहत दल लगातार गहरे पानी में युवक की तलाश कर रहा है।

SDRF प्रभारी कविंद्र सजवान ने बताया कि इस समय गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है। बावजूद इसके टीम पूरी सतर्कता के साथ युवक की खोज में जुटी हुई है।

मौके पर स्थानीय पुलिस, आपदा राहत बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासन लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए है।

वहीं SDRF और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में गंगा नदी के किनारे विशेष सावधानी बरतें। अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान न करें, घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें तथा बच्चों को अकेले नदी के पास न जाने दें।