पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी की अनूठी पहल “हेलो हेल्प” शुरू, अब एक फोन कॉल पर दर्ज होंगी शिकायतें

पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी की अनूठी पहल “हेलो हेल्प” शुरू, अब एक फोन कॉल पर दर्ज होंगी शिकायतें

स्थान :पिथौरागढ़
ब्यूरो रिपोर्ट

पिथौरागढ़। पेट्रोल और डीजल की बचत के साथ आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत देने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने “हेलो हेल्प पिथौरागढ़” हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से लोग अब घर बैठे फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने रिबन काटकर इस जनहितकारी योजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों से प्रतिदिन लोग 50 से 100 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। कई लोग अपनी निजी गाड़ियों, बस और टैक्सी से फरियाद लेकर आते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।

उन्होंने कहा कि अब नागरिक केवल एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी शिकायत “हेलो हेल्प” डेस्क पर दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलने के बाद उसे तुरंत संबंधित विभाग को भेजा जाएगा और उसके समाधान की मॉनिटरिंग स्वयं जिलाधिकारी स्तर से की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था से न केवल लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि हजारों लीटर ईंधन की भी बचत होगी। इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “तेल बचाओ” अभियान की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नागरिक अपनी स्थानीय भाषा में भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9458144651 और ईमेल hellohelp.pithoragarh@gmail.com जारी किया गया है।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का मानना है कि इससे जनता और प्रशासन के बीच संवाद और विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की यह पहल अब सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखी जा रही है।