

स्थान : उधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट


रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में चोरों ने एक साथ चार ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों में दहशत फैला दी। देर रात हुई इस घटना में चोर लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार चोरों ने रेड चीफ, स्पाईकर, ब्लैकबेरी और रिपब्लिक ग्लोबल जैसे नामी शोरूमों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर पड़ोस की दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे और फिर शोरूमों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


व्यापारियों के अनुसार एक शोरूम के गल्ले से करीब पाँच लाख रुपये, दूसरे से लगभग ढाई लाख रुपये तथा अन्य दुकान से करीब चालीस हजार रुपये सहित कुल मिलाकर दस लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी हुई है।


सुबह जब दुकानदार अपने शोरूम खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए।

चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन युवक मुंह बांधकर दुकान के अंदर घुसते और गल्लों से नकदी निकालकर थैले में भरते दिखाई दे रहे हैं।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

