हल्द्वानी के राजपुरा में नशा, सट्टा और जुआ के खिलाफ लोगों का आक्रोश, पुलिस को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी के राजपुरा में नशा, सट्टा और जुआ के खिलाफ लोगों का आक्रोश, पुलिस को सौंपा ज्ञापन

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी राजपुरा क्षेत्र में अवैध नशे, सट्टा और जुआ के बढ़ते कारोबार के खिलाफ स्थानीय पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन का घेराव कर आक्रोश जताया और कोतवाल को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार, सट्टा और जुआ संचालित हो रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है और सामाजिक माहौल खराब होता जा रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिल रहा है, और उन्होंने क्षेत्र की पुलिस चौकी के स्टाफ को हटाने की भी मांग उठाई।

इस मौके पर पार्षद प्रीति आर्या और धर्मवीर शासक ने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है और यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में नियमित अभियान चलाकर नशा तस्करों, सट्टा संचालकों और जुआ खिलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

फिलहाल मामला पुलिस प्रशासन के स्तर पर विचाराधीन है और स्थानीय लोगों की नजर आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।