

स्थान : (उधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट


उधम सिंह नगर उधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। खास बात यह है कि दोनों आरोपी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी पढ़ाई कर रहे थे।


जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से जिले में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।


पुलिस जांच और पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने अपने नाम भोला सरकार और विक्की विश्वास बताए। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उधम सिंह नगर जिले से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश और नेपाल में बेच दिया करते थे। चोरी की बाइक को सस्ते दामों में बेचकर वे पैसे कमाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भोला सरकार रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की पढ़ाई कर रहा था, जबकि विक्की विश्वास लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा था।

जांच में सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी हो चुके थे। नशे की लत और खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। बरामद वाहनों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

