लालकुआँ नगर पंचायत में अनियमितताओं पर सख्ती, डीएम ने दिए जांच के आदेश

लालकुआँ नगर पंचायत में अनियमितताओं पर सख्ती, डीएम ने दिए जांच के आदेश

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

लालकुआँ नगर पंचायत में विकास कार्यों और खरीद प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रशासन की ओर से जांच की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

प्राप्त शिकायतों के अनुसार नगर पंचायत में करीब तीन लाख रुपये की लागत से डस्टबिन खरीद में निर्धारित निविदा प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इस पर सवाल उठाते हुए शिकायतकर्ताओं ने पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है।

इसके अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में करीब पांच वर्ष पहले बने शौचालयों को ध्वस्त कर दोबारा निर्माण कराए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन कार्यों की आवश्यकता और औचित्य स्पष्ट नहीं है।

मामले में छठ पूजा स्थल पर कराए गए पुनर्निर्माण कार्य भी जांच के दायरे में आ गए हैं। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में शीतकाल के दौरान अलाव के लिए लकड़ी की अधिक खपत और उससे जुड़े भुगतान पर भी सवाल खड़े हुए हैं।

जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे सभी संबंधित अभिलेखों की गहन जांच करें। इसमें टेंडर प्रक्रिया, स्वीकृति पत्र, भुगतान विवरण और मापन पुस्तिकाओं का परीक्षण शामिल होगा, साथ ही कार्यों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद नगर पंचायत लालकुआँ की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गरम हो गया है।