

रिपोर्टर : विशेष शर्मा
लोकेशन : बाज़पुर

जिले के बाजपुर क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


घटना 3 मई की बताई जा रही है। कोतवाली बाजपुर क्षेत्र निवासी पीड़िता की मां मजदूरी के लिए खेत पर गई हुई थी, जबकि घर पर उसकी आठ और छह वर्ष की दो बेटियां मौजूद थीं। इसी दौरान आरोपी, जो कि बच्ची का ममेरा भाई बताया जा रहा है, घर पहुंचा और बड़ी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी बच्ची को गांव के पास एक राइस मिल के सामने गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी तब हुई जब छोटी बहन घायल बच्ची को लेकर खेत में काम कर रही मां के पास पहुंची। मां बच्ची को घर लाई और पूछताछ करने पर पूरी घटना सामने आई।

पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसकी मां ने मामले को दबाने का प्रयास किया। वे इलाज के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गए और बाद में वापस देने से इनकार कर दिया। हालांकि ग्रामीणों की मदद से बच्ची को वापस लाया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़िता की हालत गंभीर है और उसका इलाज कराया जा रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है, क्योंकि बच्ची के पिता कई साल पहले घर छोड़कर जा चुके हैं और मां ही मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही है।


सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई


