

ब्यूरो रिपोर्ट

वार्ड-12 में नाले के पास पिछले कई दिनों से बनी पानी की गंभीर समस्या ने अब स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। लगातार कम जलापूर्ति से परेशान नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।


इसी समस्या के विरोध में पार्षद प्रतिनिधि एवं युवा नेता हेमन्त साहू के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खाली बर्तन लेकर अपनी नाराजगी जताई और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने खाली बर्तन बजाकर विरोध जताया और बताया कि पानी की कमी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार जल संस्थान में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं निकला। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
इस मौके पर हेमन्त साहू ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


हेमन्त साहू ने जल संस्थान से तत्काल पानी की आपूर्ति सुचारू करने और स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रदर्शन के अंत में क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, आशा देवी, पनी राम, रमेश आर्या, ग्ने आर्या, संगीता देवी, सुमित पाल, रोहित पाल, अमित कुमार और नरेश गुप्ता समेत कई लोग शामिल रहे।

