

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

ज़िला टेनिस संघ के तत्वावधान में उत्तरांचल टेनिस असोसिएशन द्वारा अनुमोदित “रानीखेत ओपन कुमाऊं कप टेनिस प्रतियोगिता 2026” का आयोजन 8 से 10 मई तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


इस प्रतियोगिता में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से कुल 67 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनकी आयु 17 वर्ष से लेकर 79 वर्ष तक है। इस लिहाज से यह आयोजन एक बहुपीढ़ी खेल प्रतियोगिता बन गया है, जहां युवा और वरिष्ठ खिलाड़ी एक साथ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 मई 2026 को सायं 5:00 बजे ब्रिगेडियर संजय कुमार, कमांडेंट केआरसी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।

प्रतियोगिता में पिछले वर्ष की चैंपियन टीम रुद्रपुर हिमालियन्स के अलावा हल्द्वानी चैलेंजर्स, नैनी पीक्स नैनीताल, रामनगर टाइगर्स, चुनाखान वारियर्स और रानीखेत गुलदार की टीमें भाग लेंगी। सभी टीमें डबल्स के लीग मुकाबलों में एक-दूसरे को चुनौती देंगी।

खिलाड़ियों को दो आयु वर्गों में बांटा गया है, जिसमें 19-59 वर्ष (ओपन वर्ग) और 60 प्लस वर्ग शामिल हैं। इससे अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में स्वस्थ जीवन के लिए खेलों के महत्व को बढ़ावा देना और खेल पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। उल्लेखनीय है कि रानीखेत में पिछले करीब 40 वर्षों से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जाता रहा है।


उत्तरांचल टेनिस असोसिएशन के महासचिव सुमित गोयल ने बताया कि खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का पूरे साल इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच है।


प्रतियोगिता के संयोजक सचिव अरविंद साह और प्रतियोगिता प्रबंधक गौरव पांडे ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, जिला टेनिस संघ के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय और उपाध्यक्ष अनिल गोयल ने भी स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन की सफलता को लेकर विश्वास जताया।

