

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रेम नगर देहरादून स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के बाहर हंगामे जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कई युवक-युवतियां सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी एक युवक पर लाठी चलाते दिख रहे हैं।


मामले को लेकर देहरादून पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रमोद कुमार के अनुसार, बीती देर शाम क्षेत्र में भारी जाम लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, निजी संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र थे और कई वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने पहले छात्रों को समझाने का प्रयास किया और वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की।


हालांकि, इस दौरान कुछ युवकों द्वारा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


फिलहाल इस घटना ने पुलिस कार्रवाई और भीड़ प्रबंधन के तरीकों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है, वहीं प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दे रहा है।


