

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल बढ़ गई जब किसान नेता राकेश टिकैत और खानपुर विधायक उमेश कुमार की अहम मुलाकात सामने आई। इस बैठक को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, किसानों की समस्याओं और आने वाले चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर किसानों से जुड़े मुद्दों पर दोनों नेताओं ने गंभीर मंथन किया।


मुलाकात के बाद राकेश टिकैत ने उमेश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश की जमीनी हकीकत को अच्छे से समझते हैं और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाते हैं। उन्होंने इसे सकारात्मक संकेत बताया।


टिकैत ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया और कहा कि यह प्रदेश के किसानों के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है। उन्होंने इस समस्या के जल्द समाधान की जरूरत पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने उमेश कुमार को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि वे खुद चुनाव की तैयारी करें और अपने जैसे अन्य लोगों को भी आगे लाकर चुनाव लड़ाएं।

वहीं, उमेश कुमार ने इस मुलाकात को पूरी तरह पारिवारिक बताया। उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत उनके पारिवारिक मित्र हैं और वे समय-समय पर उनसे मार्गदर्शन लेते रहते हैं।


अवतार भड़ाना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उमेश कुमार ने साफ कहा कि यदि वे चुनाव लड़ते हैं तो उनका स्वागत है, और लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।


