

स्थान :रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की तहसील के भंगेड़ी गांव में सेना और ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चल रहे रास्ता विवाद में अब राहत की उम्मीद जगी है। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने मामले में तेजी दिखानी शुरू कर दी है।


भंगेड़ी गांव में रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को लंबे समय से आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सेना ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रास्ता बंद कर रखा था, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हो रही थीं।


इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों, किसान यूनियनों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार विरोध-प्रदर्शन किए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां डबल बेंच ने स्थानीय प्रशासन को रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए।


हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों ने इस मामले को प्राथमिकता में लेते हुए सेना के साथ समन्वय बैठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान अब और टाला नहीं जाना चाहिए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी कि इस मामले में सेना के अधिकारियों के साथ एक बैठक हो चुकी है और जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें रास्ता खोलने को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।


प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और ग्रामीणों को राहत भी मिल सके।


