लालकुआं में प्रधान के खिलाफ कार्रवाई पर बवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

लालकुआं में प्रधान के खिलाफ कार्रवाई पर बवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर
: मुन्ना अंसारी

ग्राम सभा पदमपुर देवलिया के ग्राम प्रधान रमेश चन्द्र जोशी और उनके पड़ोसी के बीच कार हटाने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा प्रधान के खिलाफ की गई कथित एकतरफा कार्रवाई से जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में प्रधानों के एक शिष्टमंडल ने आज लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान रमेश चन्द्र जोशी ने पहले ही 15 अप्रैल को अपने ऊपर हमले की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद 23 अप्रैल को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आरोप है कि 28 अप्रैल को कार हटाने को लेकर हुए विवाद में ठाकुर सिंह मेहता, उनकी पत्नी और बेटियों ने मिलकर प्रधान और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायल हो गए।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों द्वारा पत्थर और धारदार हथियार से हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस फुटेज को लेकर भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

ग्राम प्रधान संगठन का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।