आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, भीम आर्मी ने दिया समर्थन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, भीम आर्मी ने दिया समर्थन

स्थान : भगवानपुर (हरिद्वार)
ब्यरो रिपोर्ट

भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल ने बुधवार को भगवानपुर ब्लॉक स्थित आंगनबाड़ी कार्यालय पहुंचकर चल रहे धरना प्रदर्शन को समर्थन दिया। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पिछले लगभग एक महीने से वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन कर रही हैं।

धरना स्थल पर पहुंचकर अमरीश कपिल ने कहा कि जब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगें पूरी नहीं होतीं, भीम आर्मी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की स्थिति इसके विपरीत है।

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सहायिकाओं का मानदेय लगभग 12 हजार रुपये है, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को, जो ग्रेजुएट होने के बावजूद सरकारी योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, केवल करीब 9300 रुपये मानदेय मिल रहा है। इसे उन्होंने बेहद असंतोषजनक बताया।

अमरीश कपिल ने कहा कि यह आंदोलन सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है और इसे महिला विरोधी रवैया बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो राजनीतिक स्तर पर इसका असर 2027 के चुनावों में देखने को मिलेगा।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष लता चौधरी ने भी अपनी मांगें दोहराईं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

लता चौधरी ने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर लगभग 10 लाख रुपये की राशि दी जाए और मासिक वेतन 18,000 रुपये निर्धारित किया जाए।

उन्होंने भी चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं और सरकार से जल्द समाधान की मांग करती रहीं।