

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड में कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। इसी क्रम में हल्द्वानी स्थित अंबेडकर पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया। उनके साथ पूर्व विधायक रंजीत रावत, संजीव आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता और महिला कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल को लागू करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। अंबेडकर पार्क में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया।


प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लालच दिया जा रहा है, लेकिन इसे जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया जा रहा।

उन्होंने कहा कि यदि महिला आरक्षण बिल वास्तव में लागू है, तो भाजपा को चुनावों में 33 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख क्यों नहीं अपना रही।


गोदियाल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और उनके कार्यकाल में इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई थी।



प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने भी जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाई और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी से माहौल गूंजता रहा।


कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिला आरक्षण बिल को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने महिला अधिकारों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

