

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।


एसएसपी के निर्देशानुसार हल्द्वानी, भवाली और नैनीताल क्षेत्र के सभी प्रभारी निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


इसी क्रम में निरीक्षक यातायात भवाली महेश चंद्रा के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई वाहनों की जांच की गई और नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से लगी बहुरंगी फ्लैशर बत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 वाहनों से फ्लैशर हटवाए गए और 4 चालान कर ₹2000 संयोजन शुल्क वसूला गया।

इसके अलावा काली फिल्म के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 10 चालान किए गए। इनमें 2 न्यायालय चालान और 8 संयोजन चालान शामिल रहे, जबकि ₹4000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।


पुलिस ने निजी वाहनों में अनधिकृत सायरन और हूटर के इस्तेमाल पर भी विशेष निगरानी शुरू कर दी है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ड्रंक एंड ड्राइव और फर्जी नंबर प्लेट जैसे मामलों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और इसे लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

