

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जनपद में जनगणना-2027 के तहत प्रथम चरण का कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। इस चरण में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जो 25 अप्रैल से 24 मई तक चलेगी।


मयूर दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य पूरी तरह पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाएगा।


जिले में इस कार्य के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कुल 2944 प्रगणक और 478 पर्यवेक्षक घर-घर जाकर डेटा संग्रहण का कार्य करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।


जिलाधिकारी ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक चरण को गंभीरता से पूरा किया जाए।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इसके लिए मोबाइल एप और सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है, जिससे डेटा संग्रहण और निगरानी दोनों ही अधिक सटीक और पारदर्शी हो सकें।


डिजिटल प्रणाली के माध्यम से न केवल कार्य की गति बढ़ेगी बल्कि आंकड़ों की विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी। इससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी।



जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों का पूरा सहयोग करें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

प्रशासन का कहना है कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की नींव होती है, इसलिए इसमें जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

