हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: पिकअप पलटी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: पिकअप पलटी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिले के बहादराबाद–धनौरी मार्ग पर पथरी पुल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन सामान्य गति से चल रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। इस हादसे में मेहवड़ कलां निवासी दीपक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वरुण नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पर पुलिस विभाग और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिससे घर में कोहराम मच गया है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।