

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनपद उधम सिंह नगर के दौरे के दौरान रुद्रपुर और गुलरभोज में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।


रुद्रपुर में मंत्री ने लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों, पार्कों, दुकानों के निर्माण, नालियों और चारदीवारी से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।

इसके साथ ही नगर पंचायत गुलरभोज में करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्लीनिक, 18 नई दुकानों और सड़कों के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

गुलरभोज में मंत्री ने स्थानीय लोगों को नई दुकानों की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मंत्री ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को “क्लीन और ग्रीन” बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।



इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, मेयर दीपक बाली, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुग, जिला अध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, गुंजन सुखीजा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इन विकास कार्यों पर खुशी जताई और सरकार की पहल का स्वागत किया।

