

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुलाकात की। इस दौरान आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। यह समारोह यात्रा का पारंपरिक और विशेष महत्व रखता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ट्रस्ट अध्यक्ष ने जानकारी दी कि 20 मई को निकलने वाले पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से “पंज प्यारों” द्वारा किया जाएगा, जो सिख परंपरा का अहम हिस्सा है।


उन्होंने यह भी बताया कि श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस पावन धाम पहुंचने की उम्मीद है, जहां वे गुरु गोबिंद सिंह की तपोभूमि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

