

स्थान – चकरपुर/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज, चकरपुर में शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जांच के लिए पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार की भी शिकायत सामने आई है।


जानकारी के अनुसार, मामले की जांच के लिए जब खंड शिक्षा अधिकारी खटीमा स्कूल पहुंचे तो वहां कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनके साथ कथित रूप से अभद्रता की गई। इस घटना के बाद शिक्षक और कर्मचारी संगठनों में भारी आक्रोश है।

संगठनों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल जांच प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती हैं।

इसी बीच, खटीमा के उपजिलाधिकारी द्वारा इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं—घटना में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जांच के दौरान अधिकारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।

प्रशासनिक अधिकारी गीता गौतम ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया जाएगा।

वहीं कमल सिंह सामंत ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

गोकुल कापड़ी ने भी इस मामले पर विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


इसके अलावा छवि राज सिंह ने पुलिस-प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और आगे की कार्रवाई जारी है।

