हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, शहरी विकास मंत्री ने लिया जायजा

हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, शहरी विकास मंत्री ने लिया जायजा

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार का दौरा कर प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संत समाज से भेंट की और मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी विकास कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तेज गति से पूरे किए जाएं, ताकि आयोजन को दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थ नगरी नहीं, बल्कि राज्य की आध्यात्मिक राजधानी है, इसलिए इसकी तैयारियां ऐतिहासिक स्तर पर होनी चाहिए।

बैठक में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से इसे विश्वस्तरीय आयोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सड़क सुधार, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मंत्री ने घाटों के सौंदर्यीकरण, विस्तार कार्य, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ शौचालय और पेयजल व्यवस्था को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि कुंभ 2027 के लिए राज्य मद से 55 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से अधिकांश पर कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की सहायता से भी कई स्थायी परियोजनाएं चलाई जा रही हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने बताया कि मेला क्षेत्र को 32 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। साथ ही बाहरी क्षेत्रों में चार स्थायी थाने भी बनाए जाएंगे।

नगर निगम ने जानकारी दी कि कुंभ के दौरान 13 हजार शौचालय और 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सीसीआर-2 भवन सहित कई निर्माण कार्यों का स्थलीय जायजा भी लिया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने संत समाज से भी भेंट की और कुंभ के सफल आयोजन में सहयोग का आग्रह किया।