खटीमा में पीटीआई शिक्षक पर छात्रा से शोषण का आरोप, निलंबित

खटीमा में पीटीआई शिक्षक पर छात्रा से शोषण का आरोप, निलंबित

स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

चकरपुर क्षेत्र स्थित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज में एक पीटीआई शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ और शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

मामले के उजागर होते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी शिक्षक की कथित करतूतों का खुलासा किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने छात्रा को गुमराह कर उसके साथ शारीरिक शोषण किया।

परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को शादी का झांसा देकर अपने प्रभाव में लिया और उसे जयपुर तक ले गया। इस घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

इस पूरे प्रकरण को विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष क्षितिज अरोड़ा ने उठाते हुए कहा कि आरोपी शिक्षक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, इसके बावजूद उसने छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया।

वहीं बजरंग दल के प्रखंड मंत्री प्रदीप ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदू संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि ऐसे लोगों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए और उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।