सितारगंज में कांग्रेस का हंगामा, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की मांग

सितारगंज में कांग्रेस का हंगामा, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की मांग

स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के सितारगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने “नमन सितारगंज” नामक कथित फर्जी यूट्यूब चैनल और फेसबुक आईडी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस अकाउंट के जरिए एआई जनरेटेड फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य गणेश गोदियाल की छवि खराब करना है।

कांग्रेसियों का कहना है कि इस आईडी से बंगाली समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी वाला पोस्ट भी वायरल किया गया, जिससे प्रदेश अध्यक्ष की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत किया जा रहा है, ताकि जनता के बीच भ्रम फैलाया जा सके और राजनीतिक लाभ लिया जा सके।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि विधानसभा के भीतर भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा बंगाली समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिस पर भाजपा के अन्य विधायक हंसते नजर आए थे।

कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वही समाज को बांटने और अपमानित करने की राजनीति कर रही है, जबकि झूठा प्रचार कांग्रेस के खिलाफ किया जा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि “नमन सितारगंज” नामक अकाउंट की गहन जांच कर उसके संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तीखी बयानबाजी की संभावना जताई जा रही है।