ऋषिकेश में पुलिस चौकी परिसर में भीषण आग, 30 वाहन जलकर खाक

ऋषिकेश में पुलिस चौकी परिसर में भीषण आग, 30 वाहन जलकर खाक

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के ऋषिकेश में आईडीपीएल पुलिस चौकी परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक खड़े दर्जनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग इतनी भीषण थी कि चौकी के बाहर से गुजर रहे लोगों के भी रोंगटे खड़े हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अपनी जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे यह पुलिस चौकी भवन और आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैलने से रोक ली गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 30 वाहन इस आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गए। नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

मौके पर मौजूद सीपीयू कर्मचारी नीरज रावत ने बताया कि आशंका है कि वाहनों के आसपास उगी सूखी झाड़ियों में किसी ने जलता हुआ पदार्थ फेंक दिया, जिससे अचानक आग भड़क उठी और धीरे-धीरे वाहनों तक फैल गई।

वहीं, फायर अधिकारी सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल उठने लगे हैं, साथ ही पुलिस चौकी परिसरों में खड़े जब्त वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुनर्विचार की जरूरत महसूस की जा रही है।