

स्थान : दिनेशपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

दिनेशपुर। क्षेत्र में अवैध रूप से दवा निर्माण के एक बड़े गोरखधंधे का खुलासा हुआ है। प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया है।


सोमवार को एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित एक घर में छापा मारा। इस दौरान थानाध्यक्ष रविन्द्र बिष्ट, जिला अपर आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सरकार और औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला भी मौजूद रहे।


छापेमारी के दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाओं का जखीरा बरामद हुआ। इसके साथ ही दवा बनाने के उपकरण भी मिले, जिससे अवैध निर्माण की पुष्टि हुई।


टीम को बड़ी संख्या में शुगर और विटामिन्स की गोलियां भी मिलीं। इसके अलावा “शुगर कंट्रोल” नाम से पैक किए गए आयुर्वेदिक चूर्ण के डिब्बे भी बरामद हुए, जिन्हें बाजार में बेचने की तैयारी थी।

मौके पर मौजूद स्वरूप सिंह से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह कथित तौर पर आयुर्वेदिक दवा बनाकर बेचता था। जांच में सामने आया कि वह अंग्रेजी दवाओं को पीसकर पाउडर बनाता और उन्हें आयुर्वेदिक दवा में मिलाकर तैयार करता था।


चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके से हिरण के सींग भी बरामद हुए। आरोप है कि वह इन सींगों का भस्म बनाकर दवाओं में उपयोग करता था। इस मामले में वन विभाग भी सक्रिय हो गया है।


वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वन्यजीव से जुड़े इस पहलू को लेकर अलग से कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम बरामद दवाओं की जांच में जुटी हुई है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

