

स्थान :जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्र के वैशाली कॉलोनी स्थित भूतपुरी मुख्य मार्ग पर बने मनोकामना मंदिर में चोरी की एक घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। एक चोर ने बड़ी चालाकी से मंदिर के दानपात्र को निशाना बनाते हुए उसमें रखी धनराशि पर हाथ साफ कर दिया।


जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल हो रहे फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी पहले काफी देर तक मंदिर के आसपास घूमता रहा और अंदर झांककर स्थिति का जायजा लेता रहा।


इसके बाद वह मंदिर के बाहर रखी ईंटों को इधर-उधर करता दिखा, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने तेजी से दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली और फरार हो गया।


हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान मुख्य मार्ग पर लगातार वाहन गुजरते रहे, लेकिन आरोपी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


