मोटाहल्दू में मदरसन कर्मचारियों की हड़ताल, वेतन बढ़ाने की मांग तेज

मोटाहल्दू में मदरसन कर्मचारियों की हड़ताल, वेतन बढ़ाने की मांग तेज

ब्यरो रिपोर्ट

स्थान : लालकुआं/मोटाहल्दू

लालकुआं-बरेली रोड स्थित मोटाहल्दू क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब मदरसन कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अचानक हड़ताल शुरू कर दी। कंपनी गेट के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान वेतन उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने न्यूनतम वेतन बढ़ाकर ₹20,000 करने की मांग उठाई। इसके साथ ही सभी शिफ्टों की अवधि 8 घंटे निर्धारित करने की भी मांग की गई।

कर्मचारियों ने कंपनी की परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि कंपनी की बसों का रखरखाव ठीक नहीं है और कई बार चालकों का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं रहता, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा “नो ब्रेक सिस्टम” को लेकर भी कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। वहीं, कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच सुलह वार्ता कराने के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।

इस बीच, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल और युवा नेता पियूष जोशी भी मौके पर पहुंच गए हैं। सभी जनप्रतिनिधि कर्मचारियों और प्रशासन के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं।

हड़ताल के चलते कंपनी के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल धरना-प्रदर्शन जारी है और सभी की नजरें आगामी वार्ता के नतीजों पर टिकी हुई हैं।