

स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 558 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।


जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रुद्रपुर में बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कैंटर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में सुतली के गट्ठरों के बीच छिपाकर रखे गए 18 कट्टों और तीन स्कूली बैगों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।


मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों—संजय गुप्ता, डीटू यादव और मोहित यादव—को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजे की खेप उड़ीसा के सोनपुर से लाई गई थी और रुद्रपुर में सप्लाई की जानी थी। मुख्य आरोपी संजय गुप्ता का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिस पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए 7,500 रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।


