टांडा जंगल में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

टांडा जंगल में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

ब्यरो रिपोर्ट

रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा स्कॉर्पियो कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। तीनों युवक सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार को तीनों युवक एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए हल्द्वानी गए थे। रात में रुद्रपुर लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। इसी कारण वे देर रात करीब 12 बजे स्कूटी से दोबारा हल्द्वानी के लिए निकल पड़े।

जब वे संजय वन से लगभग दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार से उनकी स्कूटी की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, स्कॉर्पियो कार भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार लोग एयरबैग खुलने के कारण गंभीर चोटों से बच गए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।