

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

क्षेत्र में लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भीमताल से विधायक व कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी के पास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।


मंत्री कैड़ा ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से काठगोदाम से दानीजाला–सिमलखेत होते हुए HMT अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग बनाने की मांग की थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।


सरकार द्वारा इस परियोजना के लिए कुल 18 करोड़ 22 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।

पहले चरण में पहाड़ कटान के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये, दूसरे चरण में पार्ट-2 कार्य के लिए 4 करोड़ 69 लाख रुपये का शासनादेश जारी किया जा चुका है। वहीं तीसरे चरण में पुल निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी लागत 11 करोड़ 77 लाख रुपये निर्धारित की गई है और इसकी भी स्वीकृति दे दी गई है।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि जल्द ही इस बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे भीमताल विधानसभा सहित पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।

साथ ही मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।


