

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब यात्रा में शामिल कुछ लोगों ने खुलेआम तलवारें और फरसे लहराने शुरू कर दिए। धार्मिक आस्था के इस आयोजन में हथियारों के प्रदर्शन ने कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के अनुसार, खानपुर से लक्सर तक निकाली गई इस शोभायात्रा का नेतृत्व निर्दलीय विधायक उमेश कुमार कर रहे थे। यात्रा में ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों के हजारों लोग शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच शोभायात्रा पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ रही थी।


इसी दौरान कुछ लोग हाथों में तलवार और फरसे लेकर लहराते नजर आए। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह से हथियारों का प्रदर्शन होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई। खास बात यह रही कि मौके पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद यह प्रदर्शन जारी रहा।


घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है।


