

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शीशम की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी को पकड़कर सीज कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।वन विभाग ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लगातार क्षेत्र में अवैध रूप से शीशम के पेड़ों की कटाई और लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।


गठित टीम ने अभियान चलाते हुए केहड़ा गांव जाने वाले मार्ग पर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध शीशम की लकड़ी बरामद हुई, जिसे बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन किया जा रहा था।


वन विभाग की टीम ने मौके पर ही लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर वाहन को सीज कर दिया। साथ ही इस मामले में संलिप्त आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के अवैध कार्यों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


