उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट जल्द, 24-27 अप्रैल के बीच जारी

उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट जल्द, 24-27 अप्रैल के बीच जारी

ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा देने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद जल्द ही कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) के परिणाम घोषित करने जा रहा है।

परिषद के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार, बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट 24 से 27 अप्रैल के बीच जारी होने की पूरी संभावना है। इससे छात्रों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है।

परिषद द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 10 अप्रैल तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। सभी कॉपियां मुख्यालय पहुंच चुकी हैं और फिलहाल डेटा पंचिंग व गहन जांच का कार्य अंतिम चरण में है। इसके बाद परिणाम समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें रिजल्ट जारी करने की अंतिम तिथि तय होगी।

इस बार छात्रों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छात्र अपने-अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध रहेगा।

2.15 लाख छात्रों का इंतजार खत्म होने के करीब
इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में कुल 2,15,252 छात्र शामिल हुए थे। इनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र शामिल हैं। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं।

ऐसे करें रिजल्ट चेक:

  • आधिकारिक वेबसाइट: UBSE official website
  • डिजीलॉकर: DigiLocker

छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड पहले से तैयार रखें, ताकि वेबसाइट लाइव होते ही बिना किसी देरी के अपना रिजल्ट देख सकें।

कुल मिलाकर, उत्तराखंड बोर्ड 2026 का रिजल्ट अब बेहद करीब है और लाखों छात्रों की धड़कनें तेज हो चुकी हैं।