हल्द्वानी में नए पार्क का लोकार्पण, ₹12.33 लाख से हुआ निर्माण

हल्द्वानी में नए पार्क का लोकार्पण, ₹12.33 लाख से हुआ निर्माण

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के संकल्प के तहत नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा वार्ड संख्या 54, निलियम कॉलोनी में नव-निर्मित पार्क का विधिवत लोकार्पण किया गया। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग ₹12.33 लाख की लागत से बने इस पार्क का उद्घाटन महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया।

इस मौके पर नगर निगम के पार्षद हरेन्द्र सिंह बिष्ट, मोहित कांडपाल, अभियंता नवल नौटियाल सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इस नई सुविधा के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि शहर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए पार्कों का विकास प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना नगर निगम का लक्ष्य है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए महापौर का आभार व्यक्त किया।