

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

गर्मी बढ़ने के साथ ही जनपद चंपावत के जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अराजक तत्वों द्वारा जंगलों को आग के हवाले किए जाने की आशंका के बीच बाराकोट ब्लॉक के गल्ला गांव के जंगलों में देर रात भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।


घटना की सूचना मिलते ही एसपी चंपावत रेखा यादव ने फायर स्टेशन लोहाघाट को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची और तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम भी राहत कार्य में शामिल हुई।


रात के अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद फायर कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए लगातार पानी की बौछार कर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग को रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोका गया, जिससे बड़ी जनहानि और नुकसान टल गया।


फायर विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की व्यापक सराहना की जा रही है। राहत कार्य में महिला फायर कर्मियों की भूमिका भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिला फायरमैन प्रियंका बिष्ट और कोमल राणा ने पुरुष कर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर घने जंगल और कठिन पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने का कार्य किया।
प्रशासन ने कहा है कि जंगलों में आग लगाने जैसी घटनाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


