चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियां तेज, बद्रीनाथ धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण

चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियां तेज, बद्रीनाथ धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा जनपद चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान चारधाम यात्रा की तैयारियों, विशेषकर बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर गहन चर्चा की गई।

गढ़वाल मंडल विकास निगम, पीपलकोटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभारी मंत्री को माँ नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे सुधार एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि यात्रा से पहले सड़क व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर हाईवे निर्माण या मरम्मत कार्य के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहाँ यात्रा प्रारंभ होने से पहले वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि चारधाम यात्रा–2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे।