

स्थान : काठगोदाम
ब्यरो रिपोर्ट

काठगोदाम क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब वॉकवे मॉल के पास एक व्यक्ति को सेना की वर्दी पहने संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा गया। वह व्यक्ति स्वयं को सेना का “मेजर” बताते हुए अपना नाम मेजर अमन बता रहा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।


जानकारी के अनुसार, वादी मेजर अजय पाठक पुत्र पूरन चन्द्र पाठक, निवासी गीतांजली गली, शीशमहल काठगोदाम ने उक्त व्यक्ति को संदिग्ध हालत में देखा और तत्काल मौके पर मौजूद पीसी-4 पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति अपनी पहचान और सेना से जुड़े किसी भी प्रमाण को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे पुलिस को उस पर संदेह और गहरा हो गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में संदिग्ध व्यक्ति को थाना काठगोदाम लाया गया। यहां उसके खिलाफ प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें सेना की वर्दी के दुरुपयोग की आशंका सामने आई।

इसके बाद वादी की तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में FIR संख्या 54/26, धारा 168 BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। थानाध्यक्ष ने मामले में विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन उर्फ अमन रोमसन, निवासी ऊधमसिंहनगर बताया। उसने स्वीकार किया कि सेना के प्रति आकर्षण के चलते और भर्ती में असफल होने के बाद उसने वर्दी धारण की थी। मामले में आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट और सीएमपी द्वारा भी पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।


