रामनगर में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा

रामनगर में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा

स्थान : रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट

रामनगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि इस हमले में युवक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित जसवीर सिंह ने रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह बंजारी गेट कोसी क्षेत्र में डंपर चालक का काम करता है। रोज की तरह वह सुबह करीब 8 बजे काम पर गया था। दोपहर के समय उसका बेटा अमृत सिंह उसे खाना देने के लिए मौके पर पहुंचा था।

आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन सिंह ने अमृत को रोककर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। पीड़ित परिवार के अनुसार यह विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है, जिससे तनाव पहले से ही चल रहा था।

बताया गया कि 18 अप्रैल को जब जसवीर सिंह और उनका बेटा काम से लौट रहे थे, तभी आरोपी अर्जुन सिंह काले रंग की स्कूटी से वहां पहुंचा। उसने अमृत सिंह पर तमंचे से फायर कर दिया, हालांकि गोली उसे नहीं लगी और वह किसी तरह मौके से बच निकला।

सूचना के अनुसार आरोपी ने दोबारा फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही युवक वहां से भाग गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।

सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 173 बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।