मंगलौर के शिखर गांव में अवैध खनन का खेल, दिन-रात दौड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली

मंगलौर के शिखर गांव में अवैध खनन का खेल, दिन-रात दौड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली

स्थान : मंगलौर, उत्तराखंड
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जनपद के मंगलौर क्षेत्र स्थित शिखर गांव के जंगलों में अवैध खनन का बड़ा खेल सामने आया है। आरोप है कि खनन माफिया दिन-रात अवैध तरीके से मिट्टी और खनिज निकालकर भारी मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि प्रशासनिक कार्रवाई न के बराबर दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन माफिया को प्रशासन का कोई डर नहीं है। जंगल क्षेत्र से लगातार मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है और ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए इसे खुलेआम ढोया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि रोजाना बड़ी संख्या में मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। अवैध खनन के कारण पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

इस पूरे मामले में स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन लंबे समय से जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय अनदेखी कर रहे हैं।

ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की भी अपील की गई है।

फिलहाल, मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कब तक ठोस कदम उठाता है।