हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा को बताया शुभ शुरुआत

हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा को बताया शुभ शुरुआत

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने अखंड परमधाम आश्रम में आयोजित परमाध्यक्ष स्वामी परमानन्द गिरी के 71वें जन्मदिन कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार का दिन बेहद शुभ है, क्योंकि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल रहे हैं, जिसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरुआत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा मार्ग में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरकार द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।

महिला आरक्षण बिल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार महिलाओं को उनका अधिकार मिलने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक शासन करने वाली कुछ राजनीतिक पार्टियों ने इस दिशा में काम नहीं किया।

सीएम धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने जा रहा है, लेकिन कुछ दलों द्वारा इसका विरोध किया गया, जिससे उनका असली चेहरा सामने आया है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे और बयान के साथ ही चारधाम यात्रा को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।