

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद के निकटवर्ती क्षेत्र बिंदुखत्ता के 17 एकड़ शास्त्री नगर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 51 वर्षीय कृषक पूरन सिंह बिष्ट ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरन सिंह बिष्ट अपने भाई के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर पूरन सिंह बिष्ट फंदे से लटके मिले। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।

परिजनों के मुताबिक मृतक लंबे समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी वर्ष 2014 में मायके चली गई थी और बच्चे भी उनके साथ ही रह रहे थे, जिससे वह अवसाद में रहने लगे थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

यदि आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा है, तो समय पर सहायता लेना बेहद जरूरी है। परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करना मददगार हो सकता है|


