

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली रविवार विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई। सुबह 9 बजे धार्मिक विधि-विधान और आर्मी बैंड की मधुर धुनों के बीच डोली की यात्रा शुरू हुई।


डोली के प्रस्थान के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरी केदारघाटी गूंज उठी। देश-विदेश से आए भक्त इस पावन क्षण के साक्षी बने।


डोली यात्रा जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों की निगरानी में आगे बढ़ी। आर्मी बैंड की अगुवाई में निकली यह डोली अपने पहले पड़ाव फाटा के लिए रवाना हुई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।


बता दें कि आगामी 6 महीनों के ग्रीष्मकाल के लिए केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
डोली यात्रा के साथ ही चारधाम यात्रा का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


